Paris Olympics 2024: मनु भाकर पेरिस ओलंपिक 2024 में पदक की हैट्रिक से चूक गईं। पहले ही दो पदक जीत चुकी मनु भाकर ने इस बार महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में हिस्सा लिया। मनु इस स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गई थीं। पहले ही दो कांस्य पदक जीत चुकी मनु से इस बार स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद थी। हालांकि, वह 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में सिर्फ एक स्थान से पदक से चूक गईं।
इस स्पर्धा के फाइनल में मनु कुल 28 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं। वह पदक हासिल करने से सिर्फ एक स्थान दूर थीं। अगर मनु तीसरा स्थान हासिल कर लेतीं तो वह कांस्य पदक जीत लेतीं और पेरिस ओलंपिक में पदकों की हैट्रिक पूरी कर लेतीं। हालांकि, वह इस बार पदक नहीं जीत सकीं।
जीन यांग ने जीता स्वर्ण पदक
इस स्पर्धा में दक्षिण कोरिया की जीन यांग ने स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा, फ्रांस की कैमिली जेड्रेजेवस्की ने रजत पदक और हंगरी की वेरोनिका मेजर ने कांस्य पदक जीता। स्वर्ण पदक विजेता जीन यांग ा कुल स्कोर 37 रहा। रजत पदक जीतने वाली केमिली जेड्रेजेवस्की ने भी 37 अंक बनाए, लेकिन दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरा स्थान हासिल करने वाली वेरोनिका मेजर ने 31 अंक बनाए।
पेरिस ओलंपिक में मनु भाकर ने जीते 2 पदक
गौरतलब है कि मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में कुल 2 पदक जीते। मनु ने अपना पहला पदक महिला एकल 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जीता, जो कांस्य था। इसके बाद मनु ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में एक और कांस्य पदक हासिल किया। मिश्रित टीम में मनु के साथी सरबजोत सिंह थे।
गौरतलब है कि महिला एकल 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में मनु का कांस्य पदक पेरिस ओलंपिक में भारत का पहला पदक था। अब तक भारत ने तीन पदक जीते हैं, जो सभी निशानेबाजी स्पर्धाओं में आए हैं।