Paris Olympics 2024: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर पेरिस ओलंपिक 2024 में अपना दमदार प्रदर्शन जारी रखा। यह जीत भारतीय हॉकी टीम के लिए ऐतिहासिक रही, क्योंकि 1972 के बाद से ओलंपिक खेलों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह उनकी पहली जीत थी। 52 साल बाद भारतीय पुरुष टीम ने हॉकी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-2 से जीत दर्ज की। भारत पहले ही हॉकी में क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुका है।
शुरुआत से ही बनाया दबदबा
“डेथ पूल” के नाम से मशहूर पूल बी में शुक्रवार को भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से हुआ। शुरुआत से ही भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया पर दबदबा बनाए रखा। चूंकि टीम इंडिया पहले ही क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी थी, इसलिए यह मैच नॉकआउट चरणों की उनकी तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण था। अपना पिछला मैच महज 24 घंटे पहले हरने के बावजूद भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया।
2020 में जीता था कांस्य
टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम ने पहले क्वार्टर में दो गोल किए। अभिषेक ने 12वें मिनट में पहला गोल किया और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने अगले मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के ज़रिए दूसरा गोल करके 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। अगले क्वार्टर में क्रेग थॉमस ने ऑस्ट्रेलिया के लिए गोल करके बढ़त कम कर दी। तीसरे क्वार्टर में भारत ने फिर गोल करके अपनी बढ़त 3-1 कर ली।
पेनल्टी स्ट्रोक के ज़रिए किया गोल
हरमनप्रीत सिंह ने 32वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर गोल किया। चौथे क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया ने एकमात्र गोल किया, जिसमें ब्लेक गोवर्स ने गोल किया। ऑस्ट्रेलिया ने अपना दूसरा गोल पेनल्टी स्ट्रोक के ज़रिए किया। हालांकि, भारतीय टीम ने अंतिम क्षणों में कोई और गोल नहीं होने दिया। ऑस्ट्रेलिया द्वारा अंतिम मिनटों में अपने गोलकीपर को हटाने के बावजूद भारत ने मैच 3-2 से जीत लिया।
भारत के ग्रुप स्टेज के सभी मैच पूरे
भारतीय टीम ने अपने सभी ग्रुप स्टेज मैच पूरे कर लिए हैं। पाँच मैचों में से उन्होंने तीन जीते, एक हारे और एक ड्रॉ रहा। भारत अब पाँच मैचों में 10 अंकों के साथ पूल बी पॉइंट टेबल में दूसरे स्थान पर है। क्वार्टर फ़ाइनल में भारतीय टीम ग्रेट ब्रिटेन बनाम जर्मनी मैच के उपविजेता से भिड़ेगी। अपने पिछले मैचों में भारत ने न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया, अर्जेंटीना के साथ 1-1 से ड्रा खेला, आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से जीत हासिल की तथा बेल्जियम से 2-1 से हार गया।