Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून बजट सत्र के दौरान सीएम योगी ने लखनऊ में उपद्रवियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। बुधवार को लखनऊ के गोमतीनगर में कुछ उपद्रवी तत्वों द्वारा एक महिला को मोटरसाइकिल से खींचकर ले जाने की घटना का जिक्र करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “हम अपराधियों के लिए सद्भावना ट्रेन नहीं चलाएंगे… उनके लिए बुलेट ट्रेन चलेगी। इसके लिए तैयारी की जा रही है।
सद्भावना नहीं बल्कि बुलेट ट्रेन चलेगी
महिलाओं की सुरक्षा हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है। जो भी इससे खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा, उसे परिणाम भुगतने होंगे।” विधानसभा में बोलते हुए सीएम योगी े कहा कि गोमती नगर की घटना की एक सूची उनके पास आई है। पहला आरोपी पवन यादव है और दूसरा आरोपी मोहम्मद अरबाज है। अब उन पर सद्भावना नहीं बल्कि बुलेट ट्रेन चलेगी।
गौरतलब है कि बुधवार को भारी बारिश के कारण लखनऊ में जलभराव हो गया था। गलियों और सड़कों पर पानी भर गया था। गोमती नगर का पॉश इलाका भी बारिश के पानी से भर गया था। इस पानी में बदमाशों ने राहगीरों से बदसलूकी की। इस घटना का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो सीएम योगी ने संज्ञान लिया और पुलिस विभाग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
विपक्ष को दी नसीहत
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर विधानसभा में बोलते हुए सीएम योगी ने कहा, “महिला सुरक्षा हमारे लिए बड़ा मुद्दा है, इसलिए हमने हर बेटी और बहन को भरोसा दिलाया है। हमने इस मामले को गंभीरता से लिया है। हमने पूरी पुलिस चौकी को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही एडिशनल एसपी, डिप्टी एसपी और इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की गई है।” सीएम योगी ने आगे कहा कि जो भी इस तरह की अराजकता करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा, “मैं आपसे भी आग्रह करूंगा कि आप अपने लोगों को कानून के दायरे में काम करने के लिए समझाएं।”

