Delhi Liquor Policy Case: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने कथित शराब घोटाले के सिलसिले में जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और बीआरएस नेता के कविता की न्यायिक हिरासत एक बार फिर बढ़ा दी है। कोर्ट ने सीबीआई से जुड़े मामले में न्यायिक हिरासत अवधि 9 अगस्त तक बढ़ा दी है, जबकि ईडी से जुड़े मामले में न्यायिक हिरासत अवधि 13 अगस्त तक बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत अवधि सिर्फ सीबीआई मामले में बढ़ाई गई है। ईडी मामले में उन्हें पहले ही जमानत मिल चुकी है। दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी और सीबीआई ने अपनी जांच पूरी कर ली है। सोमवार को सीबीआई ने दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। इस मामले में ईडी पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
ईडी ने जमानत पर लगवाई रोक
सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में 12 जुलाई को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में केजरीवाल को अंतरिम जमानत दी थी। इससे पहले 20 जून को ट्रायल कोर्ट ने केजरीवाल को जमानत दी थी, लेकिन अगले ही दिन ईडी ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और जमानत पर रोक लगवा ली। सोमवार को सीबीआई द्वारा दाखिल चार्जशीट में अरविंद केजरीवाल के अलावा आप नेता दुर्गेश पाठक, कारोबारी पी. शरत चंद्र रेड्डी, विनोद चौहान, आशीष माथुर और अमित अरोड़ा के नाम शामिल हैं।
सीबीआई की चार्जशीट पर 12 अगस्त को सुनवाई होगी। इस बीच, सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नियमित जमानत अर्जी पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया। सुनवाई के दौरान सीबीआई ने केजरीवाल की जमानत अर्जी का विरोध करते हुए दलील दी कि केजरीवाल दिल्ली शराब घोटाले के मुख्य सूत्रधार हैं।

