दिल्ली में सिविल सेवा परीक्षा (UPSC) की तैयारी कर रहे छात्रों ने दावा किया है कि अवैध रूप से संचालित बेसमेंट कोचिंग सेंटरों पर MCD की कार्रवाई के बाद, ओल्ड राजिंदर नगर और आसपास के इलाकों में लाइसेंस प्राप्त पुस्तकालयों ने अपनी फीस दोगुनी कर दी है। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने ओल्ड राजिंदर नगर में उन इमारतों के खिलाफ कार्रवाई की है, जहां बेसमेंट का इस्तेमाल व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा था, जिसमें लाइब्रेरी भी शामिल है।
लाइब्रेरी के लिए किया जा रहा बेसमेंट का इस्तेमाल
27 जुलाई की शाम को ओल्ड राजिंदर नगर में आरएयू के आईएएस कोचिंग सेंटर में एक बड़ी घटना घटी। कोचिंग संस्थान अवैध रूप से बेसमेंट का इस्तेमाल लाइब्रेरी के रूप में कर रहा था, जो भारी बारिश के कारण भर गया, जिससे सिविल सेवा के तीन उम्मीदवारों की डूबने से मौत हो गई। इस त्रासदी के बाद, एमसीडी इस मुद्दे पर जागी और बेसमेंट का दुरुपयोग करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
इसलिए बढ़ रही पुस्तकालयों की फीस
यूपीएससी की तैयारी कर रहे पंकज ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, पहले पहली या दूसरी मंजिल पर स्थित पुस्तकालय मालिक हर महीने करीब 2,000 से 3,000 रुपये लेते थे। लेकिन अब कई पुस्तकालय बंद हो गए हैं और छात्रों के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है, इसलिए उन्होंने अपनी फीस दोगुनी कर दी है। जो छात्र (UPSC) मुख्य परीक्षा देने वाले हैं, उनके पास फीस देने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। हम जिस कमरे में रहते हैं, वह आराम से पढ़ाई करने के लिए बहुत छोटे हैं, इसलिए हमें पुस्तकालयों का इस्तेमाल करना पड़ता है।एक अन्य छात्र ने बताया कि पटेल नगर जैसे आस-पास के इलाकों में स्थित पुस्तकालय अब छात्रों से 4,000 से 5,000 रुपये के बीच शुल्क ले रहे हैं, जबकि पहले यह शुल्क 2,000 से 2,500 रुपये था।

