Delhi Coaching Incident: दिल्ली में आईएएस कोचिंग की घटना के बाद नगर निगम की लगातार कार्रवाई जारी है। राव आईएएस की एनओसी रद्द करने के बाद अब एमसीडी ने विकास दिव्यकीर्ति के दृष्टि आईएएस कोचिंग सेंटर को सील कर दिया है। मुखर्जी नगर स्थित दृष्टि आईएएस कोचिंग सेंटर को सील करने के दौरान एमसीडी ने खुलासा किया कि बेसमेंट में 300 से ज्यादा छात्रों की क्लास चल रही थी। अब इसे सील कर दिया गया है।
पिछले शनिवार को दिल्ली में राव आईएएस कोचिंग में बड़ा हादसा हुआ। इस घटना में यूपीएससी के तीन छात्रों की मौत हो गई। दरअसल बेसमेंट में लाइब्रेरी ल रही थी। बारिश के दौरान बेसमेंट में तेजी से पानी भर गया, जिससे तीन छात्रों की मौत हो गई। इस घटना के बाद एमसीडी और दिल्ली प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। राव आईएएस कोचिंग की बिल्डिंग को सील करने के बाद विकास दिव्यकीर्ति के कोचिंग सेंटर को भी सील कर दिया गया है।
कौन हैं विकास दिव्यकीर्ति
विकास दिव्यकीर्ति इस समय देश के सबसे बेहतरीन शिक्षकों में से एक माने जाते हैं। उनके नेतृत्व में दृष्टि आईएएस कोचिंग संस्थान संचालित होता है। देशभर के अलग-अलग शहरों में दृष्टि आईएएस सेंटर स्थापित हैं। विकास दिव्यकीर्ति देश और दुनिया के विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखने के लिए जाने जाते हैं। सोशल मीडिया पर उनकी रीलें भी अक्सर वायरल होती रहती हैं। हाल ही में उनका एक इंटरव्यू वायरल हुआ था। इस इंटरव्यू की कई रीलें अभी भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
दिल्ली पुलिस ने एमसीडी को लिखा पत्र
दिल्ली पुलिस ने एमसीडी को पत्र लिखकर राजेंद्र नगर स्थित कोचिंग सेंटर के पास नाले की सफाई की स्थिति के बारे में जानकारी मांगी है। शनिवार शाम को कोचिंग सेंटर में पानी भर गया था, जिससे सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे तीन छात्रों की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने पूछा है कि क्या कोचिंग संस्थान के खिलाफ नगर निगम में कोई शिकायत की गई थी और यदि हां, तो क्या कार्रवाई की गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे नालों की सफाई और राव आईएएस स्टडी सर्किल को जारी एनओसी के बारे में एमसीडी अधिकारियों से पूछताछ कर सकते हैं, जहां लाइब्रेरी के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे बेसमेंट में पानी भर गया था, जिससे ीन छात्रों की मौत हो गई थी।

