ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया, जब आईजीएल गैस पाइपलाइन में अचानक रिसाव हो गया, जिससे आग लग गई। आग लगने से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और आईजीएल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन की मरम्मत की और आग बुझाई।
आईजीएल कर्मियों ने पाया आग पर काबू
घटना ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र के गौर सिटी 2 के 14 एवेन्यू में शनिवार सुबह हुई। बाउंड्री वॉल के साथ चल रही पाइपलाइन में रिसाव होने लगा, जिससे आग लग गई। आग बहुत ज्यादा नहीं थी, लेकिन फैलती जा रही थी, जिससे सोसायटी के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग काफी घबरा गए। इसकी सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड, आईजीएल टीम और स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस तुरंत पहुंची और आईजीएल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत की।
पाइपलाइन में लगी आग की घटना में कोई हताहत नहीं
आईजीएल कर्मचारियों ने आग बुझाई और लीक हो रही पाइपलाइन को ठीक किया। फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर मौजूद थी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। नोएडा पुलिस ने बताया कि सुबह गैस लीक हो गई थी और उसमें आग लग गई, लेकिन आईजीएल की टीम ने मरम्मत कर आग पर काबू पा लिया है।

