दिल्ली के साउथ पटेल नगर इलाके में बारिश के दौरान लोहे के गेट पर करंट लगने से UPSC परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी 26 वर्षीय नीलेश राय के रूप में हुई है। वह सिविल सर्विसेज की तैयारी के लिए पिछले तीन साल से पटेल नगर में रह रहा था।
UPSC परीक्षा की तैयारी कर रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर जब वह चाय पीकर लौटा तो गेट के बाहर पानी जमा था और उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। युवक करंट की चपेट में आ गया। पास में ही कपड़े प्रेस करने वाली दुकान चलाने वाली महिला ने चीख-पुकार सुनी और मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक काफी देर तक मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। करंट के डर से लोग काफी देर तक पास जाने से कतराते रहे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रणजीत नगर थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई है कि गेट में करंट कैसे आया। पुलिस ने घायल युवक को आरएमएल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत नहीं हत्या है ; भाजपा
इस बीच, दिल्ली भाजपा ने युवक की मौत को दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या बताया है। दिल्ली भाजपा ने ट्वीट किया, केजरीवाल गैंग, इस यूपीएससी छात्र की गलती बस इतनी थी कि वह आपके लंदन में पढ़ने आया था। उसे नहीं पता था कि यह सिर्फ़ प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कामचोरों की सरकार है। राजधानी में हर रोज़ ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जहाँ आम नागरिकों की जान की कोई कीमत नहीं है! केजरीवाल गैंग पर हत्या का मुकदमा चलना चाहिए।

