अगर आप भी दिल्ली मेट्रो में सफर करते हैं तो यह खबर आपके लिए है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने येलो लाइन के समय में कुछ बदलाव किए हैं, जो अगले दो दिनों (20-21 जुलाई) तक प्रभावी रहेंगे। दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण में जनकपुरी पश्चिम और आरके आश्रम के बीच 490 मीटर लंबे हिस्से में निर्माण कार्य के चलते यह फैसला लिया गया है।
DMRC ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर को दिल्ली के समयपुर बादली से जोड़ने वाली येलो लाइन पर पहली और आखिरी मेट्रो ट्रेन के समय में बदलाव किया गया है। ये संशोधित समय 22 जुलाई तक प्रभावी रहेंगे, जिसके बाद सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।
सुबह 7:00 बजे रवाना होगी पहली मेट्रो
DMRC की एडवाइजरी के मुताबिक, शनिवार, 20 जुलाई 2024 को समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर, गुरुग्राम के लिए आखिरी ट्रेन रात 11:00 बजे के बजाय रात 10:45 बजे रवाना होगी। मिलेनियम सिटी सेंटर, गुरुग्राम से समयपुर बादली के लिए आखिरी ट्रेन रात 11:00 बजे के बजाय रात 9:30 बजे रवाना होगी। इसी तरह, रविवार, 21 जुलाई, 2024 को समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर, गुरुग्राम के लिए पहली ट्रेन सुबह 6:00 बजे के बजाय सुबह 7:00 बजे रवाना होगी।
इस स्टेशनों पर नहीं रुकेगी मेट्रो
इस अवधि के दौरान, 20 जुलाई, 2024 (शनिवार) को रात 11:00 बजे के बाद और 21 जुलाई, 2024 (रविवार) को सुबह 7:00 बजे से पहले समयपुर बादली और जहांगीरपुरी के छोटे सेक्शन के बीच कोई ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं होगी। हालांकि, इस अवधि के दौरान येलो लाइन के शेष प्रमुख सेक्शन पर नियमित ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। 20-21 जुलाई, 2024 के सप्ताहांत में देर रात/सुबह की यात्रा के समय यात्रियों को किसी भी असुविधा से बचने में मदद करने के लिए ट्रेनों के अंदर और स्टेशनों पर गंतव्य और प्लेटफार्मों के बारे में घोषणाएं भी की जाएंगी।

