नोएडा के सेक्टर 24 थाना क्षेत्र में पुलिस और मोटरसाइकिल सवार बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पकड़े गए बदमाश पर लूट और चोरी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
मोटरसाइकिल सवार बदमाश ने की पुलिस टीम पर फायरिंग
बुधवार रात को सेक्टर-24 थाने की पुलिस सेक्टर 12/22 में ग्राम चौड़ा के पास चेकिंग कर रही थी, तभी उन्हें काले रंग की मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति दिखाई दिया। उसे रुकने का इशारा करने पर वह भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और नोएडा के सेक्टर 11 में सीवेज कैनाल मदार डेयरी के पास मोटरसाइकिल फिसल गई और वह गिर गया। बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अवैध पिस्तौल से फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की। गोली लगने से बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद
घायल बदमाश की पहचान दिलशाद उर्फ मुर्गेवाला निवासी जेजे कैंप, तिगरी, संगम विहार, नई दिल्ली के रूप में हुई है। पकड़े जाने पर उसके पास से एक अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस बरामद हुआ है। इसके अलावा नोएडा के फेज-1 थाने से चोरी की गई बाइक भी बरामद हुई है। इस पर करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके आपराधिक इतिहास के बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है।
कई वारदातों में शामिल था आरोपी
नोएडा के एडिशनल डीसीपी मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पकड़ा गया है। इस पर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में लूट और चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं और यह कई वारदातों में शामिल रहा है।

