UP Digital Attendance: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने डिजिटल अटेंडेंस सिस्टम को दो महीने के लिए स्थगित कर दिया है। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। सरकार ने एक विशेषज्ञ समिति बनाने का फैसला किया है, जो अगले दो महीने तक शिक्षकों के मुद्दों पर विचार-विमर्श करेगी। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव और शिक्षक संगठनों के बीच बैठक हुई। इस बैठक में बेसिक शिक्षा के प्रमुख सचिव शानमुगम और डीजी स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा भी मौजूद रहे।
इसके अलावा महिला शिक्षक संघ की अध्यक्ष सुलोचना मौर्य, प्राथमिक शिक्षक संघ के दिनेश शर्मा और जूनियर शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों समेत कई अन्य शिक्षक नेता भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में मुख्य सचिव ने डिजिटल अटेंडेंस सिस्टम को फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया और इस मामले पर निर्णय लेने के लिए विभागीय अधिकारियों और शिक्षक संघों के प्रतिनिधियों की एक समिति बनाने के निर्देश दिए।
शिक्षक लगातर कर रहें थे विरोध
उत्तर प्रदेश के सरकारी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के हजारों शिक्षकों ने बेसिक शिक्षा परिषद की डिजिटल अटेंडेंस सिस्टम को लागू करने का विरोध किया था। इस विरोध प्रदर्शन के जवाब में बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को आश्वासन दिया कि वे 30 मिनट की देरी से भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं, बशर्ते वे देरी का कारण बताएं। हालांकि, इससे शिक्षकों की चिंता पूरी तरह से दूर नहीं हुई और उन्होंने अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
यह भी पढ़ें: Greater Noida : 205 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ़्तार, सब्जी क्रेटो के नीचे छुपाकर उड़ीसा से ला रहा था दिल्ली

