18वीं लोकसभा के गठन के बाद मोदी सरकार अपने तीसरे कार्यकाल का पहला Budget पेश करने जा रही है। केंद्रीय बजट 2024 की तारीखों का भी ऐलान हो गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 23 जुलाई को संसद में बजट पेश करेंगी।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दी जानकारी
18वीं लोकसभा का पहला सत्र संपन्न हो चुका है, जिसमें नवनिर्वाचित सदस्यों ने शपथ ली और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। अब सभी की निगाहें आगामी बजट सत्र पर टिकी हैं। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने आधिकारिक हैंडल पर Budget सत्र की जानकारी साझा की। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, भारत सरकार की सिफारिश पर भारत के माननीय राष्ट्रपति ने बजट सत्र 2024 के लिए संसद के दोनों सदनों को 22 जुलाई, 2024 से 12 अगस्त, 2024 तक (संसदीय कार्य की अनिवार्यताओं के अधीन) बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय बजट 2024-25 23 जुलाई, 2024 को लोकसभा में पेश किया जाएगा।

