Lok Sabha Speaker Election: संसद के विशेष सत्र के दौरान लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होना है। इसको लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। चुनाव कल यानी बुधवार को होना है। इस संदर्भ में कांग्रेस ने अपने सांसदों को 26 जून को सदन में उपस्थित रहने के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है।
कांग्रेस संसदीय दल की ओर से सांसदों को लिखे पत्र में कहा गया है, “कल लोकसभा में एक बहुत ही महत्वपूर्ण मुद्दा लाया जाएगा। लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के सभी सदस्यों से अनुरोध है कि वे सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही स्थगित होने तक सदन में उपस्थित रहें। इस संदेश को बहुत महत्वपूर्ण माना जाना चाहिए।” यह व्हिप विपक्ष की ओर से लोकसभा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के. सुरेश ने जारी किया है।
भाजपा ने भी अपने सभी सांसदों को जारी किया व्हिप
इस बीच, भाजपा ने भी अपने सभी सांसदों को व्हिप जारी कर बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव के लिए सत्र के दौरान उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।
लोकसभा अध्यक्ष के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष में टकराव
18 वीं लोकसभा में 1952 के बाद पहली बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। दरअसल, एनडीए के ओम बिरला का मुकाबला इंडी गठबंधन के के. सुरेश से होगा। शुरुआत में स्पीकर पद को लेकर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए और विपक्ष के बीच आम सहमति बनती दिख रही थी। हालांकि, विपक्ष की मांग थी कि डिप्टी स्पीकर का पद उन्हें दिया जाए। एनडीए ने सशर्त समर्थन स्वीकार करने से इनकार कर दिया, जिससे आम सहमति नहीं बन पाई।

