UP Politics: आकाश आनंद को एक बार फिर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया गया है। हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। सोमवार को लखनऊ में बसपा की प्रदेश बैठक में शामिल नेताओं ने यह जानकारी साझा की। इन नेताओं के मुताबिक, आकाश आनंद को फिर से इस पद पर बहाल किया गया है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के दौरान मायावती ने आकाश आनंद को इस पद से हटा दिया था।
मायावती की नाराजगी दूर हुई
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद से अपनी नाराजगी दूर कर ली है। लोकसभा चुनाव में हार के बाद बसपा प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की। बैठक के दौरान आकाश ने मायावती के पैर छुए।
चुनाव के दौरान पद से हटाया गया
लोकसभा चुनाव के दौरान अपने एक भाषण के बाद मायावती ने आकाश को यह कहते हुए पद से हटा दिया था कि उनमें अनुभव की कमी है और उन्हें और अनुभव हासिल करने की जरूरत है।
एक दिन पहले ही स्टार प्रचारक नियुक्त किया गया
बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को उत्तराखंड और पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी का स्टार प्रचारक नियुक्त किया था। लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार की समीक्षा बैठक से एक दिन पहले लिया गया यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे संकेत मिलता है कि आकाश आनंद सक्रिय राजनीति में वापसी कर रहे हैं।

