सरकार ने दिल्ली-एनसीआर में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में एक रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। कीमतों में बढ़ोतरी आज (22 जून) से लागू हो गई है। बढ़ोतरी के बाद, दिल्ली में सीएनजी 74.09 रुपये की जगह 75.09 रुपये प्रति किलोग्राम पर उपलब्ध होगी। इस बढ़ोतरी का असर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र समेत उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के कई शहरों में सीएनजी की खुदरा कीमतों पर पड़ेगा।
ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी कीमतों में इजाफा
दिल्ली ही नहीं, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी सीएनजी की कीमतों में एक रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है। पहले इन क्षेत्रों में एक किलो सीएनजी की कीमत 78.70 रुपये प्रति किलोग्राम थी, अब उपभोक्ताओं को एक किलो सीएनजी के लिए 79.70 रुपये चुकाने होंगे।
गुरुग्राम में CNG की कीमतों में कोई बदलाव नहीं
हालांकि, एनसीआर के गुरुग्राम में CNG की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। हरियाणा के नजदीकी शहर करनाल और कैथल में भी सीएनजी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ, उन्नाव, आगरा और अयोध्या समेत कई शहरों में सीएनजी की कीमतों में पहले ही बढ़ोतरी की जा चुकी है। इन शहरों में सीएनजी की नई कीमत 94 रुपये प्रति किलोग्राम है, जो पहले 92.25 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
अन्य शहरों में CNG की कीमतें
हरियाणा के रेवाड़ी, उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली तथा राजस्थान के अजमेर, पाली और राजसमंद में भी सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई। कीमतों में यह बदलाव आज (22 जून) से लागू हो गया है। रेवाड़ी में सीएनजी की कीमतें 78.70 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 79.70 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के मेरठ, शामली और मुजफ्फरनगर में सीएनजी की कीमत 79.08 रुपये से बढ़कर 80.08 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। राजस्थान के अजमेर, पाली और राजसमंद में सीएनजी की कीमतों में एक रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। अब इन शहरों में सीएनजी 81.94 रुपये प्रति किलोग्राम की जगह 82.94 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मिलेगी।

