Ghaziabad में बिजली कटौती से नाराज एक युवक ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिससे वह गंभीर संकट में फंस गया। पुलिस ने युवक को इंदिरापुरम क्षेत्र में शांति भंग करने के प्रयास के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी कर चुका है आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग
इंदिरापुरम क्षेत्र के हिमांशु कौशिक ने 19 जून को अपने एक्स अकाउंट पर वसुंधरा इलाके में बिजली कटौती को लेकर पोस्ट किया था। अपनी पोस्ट में उसने पीएम और सीएम के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया था। हिमांशु ने ऐसा पहली बार नहीं किया था, 5 जून से वह लगातार बिजली कटौती और अन्य मुद्दों को लेकर पीएम और सीएम के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहा था।
मामले को लेकर युवक हिरासत में
Ghaziabad के इंदिरापुरम सर्किल के एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल ट्वीट वसुंधरा चौकी क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। ट्वीट करने वाले ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया था। युवक को हिरासत में ले लिया गया है।

