दिल्ली एयरपोर्ट पर 24 वर्षीय एक व्यक्ति 67 साल के बुजुर्ग व्यक्ति का रूप धारण कर अवैध रूप से कनाडा की यात्रा करने का प्रयास करते हुए पकड़ा गया। युवक ने पहले 67 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाया। फिर उसने खुद को बुजुर्ग बताने के लिए अपने बाल और मूंछ सफेद रंगवा लिए और आईजीआई एयरपोर्ट पर पहुंच गया। CISF के खुफिया ब्यूरो ने प्रोफाइलिंग और व्यवहार संबंधी जांच के आधार पर इस धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया।
कनाडा जाना चाहता था युवक
CISF के संपर्क अधिकारी अपूर्व पांडे ने खुलासा किया कि मंगलवार शाम 5:20 बजे सीआईएसएफ कर्मियों ने प्रोफाइलिंग और व्यवहार संबंधी जांच के आधार पर टर्मिनल 3 के चेक-इन क्षेत्र में एक यात्री को पूछताछ के लिए रोका। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम रसविंदर सिंह सहोता बताया और 67 साल का होने का दावा किया। जब उससे पासपोर्ट दिखाने के लिए कहा गया तो उसने जो दस्तावेज पेश किए, उनमें उसकी जन्मतिथि 10 फरवरी, 1957 और पता जालंधर, पंजाब लिखा हुआ था।
CISF के पूछताछ में बड़ा खुलासा
सीआईएसएफ कर्मियों को यह स्पष्ट हो गया कि आरोपी पासपोर्ट में दर्शाई गई उम्र से काफी कम उम्र का लग रहा था। उसकी आवाज और त्वचा किसी बुजुर्ग व्यक्ति से मेल नहीं खा रही थी। करीब से जांच करने पर पता चला कि उसने अपने बाल और दाढ़ी को सफेद रंग से रंगा हुआ था और बुजुर्ग दिखने के लिए चश्मा पहना हुआ था। इन संदेहों के आधार पर सुरक्षा अधिकारियों ने गहन तलाशी लेने का फैसला किया।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला है युवक
फिर उसके मोबाइल फोन की जांच के दौरान, एक अन्य पासपोर्ट की सॉफ्ट कॉपी मिली, जो 24 वर्षीय युवक गुरुसेवक के नाम से पंजीकृत थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि यह उसका असली पासपोर्ट था, जिसमें उसकी जन्मतिथि 10 जून, 2000 और उत्तर प्रदेश के लखनऊ का पता था। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि उसने इस तरह की तरकीबें क्यों अपनाईं और उसने नकली पासपोर्ट कैसे तैयार किया।

