संतकबीर नगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि कोरोना काल की परेशानियों को देखते हुए छात्रों को प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी एवं शिक्षण कार्य के लिए सभी स्नातक के छात्रों को उनकी सरकार टेबलेट देगी। इससे छात्र अपने भविष्य को और उज्जवल बना सकेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्य होने से ही देश,प्रदेश,जिले का कल्याण होगा और तरक्की के मार्ग पर हम आगे बढ़ सकेंगे। विकास कार्य में जातिवाद,भाईवाद नहीं चलता है।भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विकास कार्यों को बढ़ावा दिया है।
आज 125 करोड़ रुपये की लागत से नव निर्मित जिला कारागार तथा 119 करोड़ रुपये की अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण करने के बाद आयोजन को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनपद सतंकबीर नगर विकास कार्यो में पीछे रहा है। पूर्व की सरकारों ने इस की उपेक्षा की है लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार विकास कार्य को बढ़ावा दे रही है। हम लोगों ने विकास कार्य बढ़ाने के लिए एक नीति बनायी है। उसी नीति के तहत विकास कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी,बसपा तथा कांग्रेस की सरकार होती तो महामारी के समय ये लोग नागरिकों के साथ खड़े नहीं होते लेकिन भाजपा सरकार सभी लोगों के साथ खड़ी है। भाजपा की सरकार कोरोना काल में जान गंवाने वाले पीड़ित परिवारों को पेंशन देने जा रही है।भाजपा सरकार में हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हुई है और उसको नये तकनीक से लैस करने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार सबका साथ सबका विकास के तहत कार्य कर रही है। इस जनपद की पहचान बखिरा के बर्तन से होती थी लेकिन उसके उत्थान के लिए भाजपा सरकार कार्य कर रही है।नौजवानों को रोजगार के लिए पूरी तरह से कटिबद्व है।
श्री योगी ने कहा कि भारत के प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी की सोच है कि सभी लोग आत्म निर्भर बनें और इसी के तहत हम लोग कार्य कर रहे हैं। बहन बेटियों को सिलाई मशीन दिया गया है लेकिन सरकार की सोच है कि बस्ती,सिद्वार्थनगर,सतंकबीरनगर सहित अन्य जिलों में आधुनिक सिलाई मशीन लग जाये जो यहां के लोगो को बाहर नही जाना पड़ेगा।श्री योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्य को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा कार्य करती रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ आने से भारी संख्या में आबादी प्रभावित हुई लेकिन प्रदेश सरकार उनके साथ हमेशा खड़ी है।हर पीड़ित व्यक्ति को राशन सहित अन्य उपयोगी चीजों को दिया जा रहा है। सरकार उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए कार्य कर रही है।भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सतंकबीरनगर का नाम विश्व के नक्शे में दिया है,पूर्व की सरकारो मे वशंवाद चलता रहा है लेकिन भाजपा की सरकार में हर विभाग मे भर्ती निकली और नौजवानों को रोजगार मिला है।

