Delhi Water Crisis: दिल्ली सरकार में जल मंत्री और आप नेता आतिशी ने राष्ट्रीय राजधानी में हो रहे पानी की किल्लत को लेकर हरियाणा सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि दिल्ली में 100 मिलियन गैलन प्रतिदिन (एमजीडी) की कमी है। “हरियाणा से दिल्ली को 100 एमजीडी कम पानी मिल रहा है, जिसका मतलब है कि 2.8 मिलियन लोगों को कम पानी मिल रहा है।”
इसके अलावा आतिशी ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर कहा कि अगर स्थिति नहीं सुधरी तो वह 21 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली जाएंगी।
हरियाणा सरकार दिल्ली को पानी नहीं दे रही- आतिशी
आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मैंने हरियाणा के मुख्यमंत्री से बात की। उन्होंने कहा कि पानी हरियाणा के रास्ते आएगा, लेकिन हरियाणा ने हिमाचल का पानी देने से भी इनकार कर दिया है। हमारी तमाम कोशिशों के बावजूद हरियाणा सरकार दिल्ली को पानी नहीं दे रही है।”
उन्होंने आगे कहा, “दिल्ली के लोगों के लिए इस समस्या को हल करने के लिए हमने हर संभव प्रयास किया है। मैंने हिमाचल के मुख्यमंत्री से बात की है। हरियाणा ने हिमाचल का भी पानी देने से इनकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने भी माना है कि दिल्ली में पानी का संकट है, लेकिन इसके बावजूद हरियाणा सरकार ने दिल्ली को पानी नहीं दिया है।”
यह भी पढ़ें: Ghaziabad में पुलिस के साथ मुठभेड़ में 3 बदमाश घायल, आरोपियों से जेवर, कारतूस और बाइक बरामद
दिल्ली सरकार क्या मांग कर रही है?
आतिशी ने कहा, “दिल्ली की आबादी 3 करोड़ है, जिन्हें 1050 एमजीडी पानी मिल रहा है। अगर हरियाणा को दिल्ली को 100 एमजीडी पानी देना है, तो यह उनके कुल एमजीडी का सिर्फ 1.5 फीसदी है।” उन्होंने आगे कहा, “दिल्ली में कुल पानी की आपूर्ति 1050 एमजीडी है, जिसमें से 613 एमजीडी हरियाणा से आता है। 18 जून तक यह मात्रा घटकर 513 एमजीडी रह गई है। आज दिल्ली में 100 एमजीडी पानी की कमी है।”

