दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर जारी है और इसका असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पिछले दिन Heatwave के कारण दिल्ली में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मंगलवार को सफदरजंग अस्पताल में दो मरीजों की मौत हो गई। इसके अलावा सोमवार को दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में भी एक महिला की मौत हो गई। राजधानी में भीषण गर्मी के चलते अब तक सात मरीजों की मौत हो चुकी है। भीषण गर्मी के चलते 19 मरीज दो दिनों में दो अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हुए हैं। 19 मरीजों में से 11 को मंगलवार को बेहोशी और तेज बुखार की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से छह मरीज वेंटिलेटर पर हैं।
तेज बुखार और डिहाइड्रेशन की शिकायत
डॉक्टरों का कहना है कि अस्पतालों में Heatwave के गंभीर मरीज ज्यादा आ रहे हैं। लोकनायक अस्पताल में भीषण गर्मी से पीड़ित पांच मरीजों को बेहोशी की हालत में भर्ती कराया गया है। दो मरीज आईसीयू में वेंटिलेटर पर हैं। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में भर्ती तीनों मरीज 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग हैं। इनमें से दो मरीजों की उम्र 30-40 साल के बीच है। इन पांचों मरीजों को तेज बुखार और डिहाइड्रेशन की शिकायत थी। इस वजह से पांचों मरीजों को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। इनमें से तीन मरीजों की हालत स्थिर है, लेकिन दो मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।
Heatwave के मरीज हो रहें अस्पताल में भर्ती
आरएमएल अस्पताल में सोमवार को भीषण हीटस्ट्रोक से पीड़ित आठ और मंगलवार को छह मरीज भर्ती हुए। अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि हीटस्ट्रोक के कारण दो तरह के मरीज भर्ती हो रहे हैं। एक तो 30 से 55 साल की उम्र के कामकाजी लोग जो बाहर काम करते हैं। इसमें सिक्योरिटी गार्ड और रेहड़ी-पटरी वाले शामिल हैं, जो अपने शरीर की नमी का ख्याल नहीं रखते। ऐसे मरीज बेहोशी की हालत में और रात 11 बजे तक तेज बुखार के साथ अस्पताल लाए जाते हैं। दूसरा, बुजुर्ग मरीज भी बड़ी संख्या में हीटस्ट्रोक से पीड़ित हो रहे हैं।
सफदरजंग अस्पताल में Heatwave से अब तक 28 मरीज भर्ती
सफदरजंग अस्पताल प्रशासन के मुताबिक नोएडा निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति को Heatwave के चलते 17 जून की शाम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे नोएडा सिविल अस्पताल से सफदरजंग अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। सुबह साढ़े पांच बजे उसकी मौत हो गई। इसके अलावा दिल्ली के बदरपुर निवासी 60 वर्षीय महिला को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुबह छह बजे उसकी भी मौत हो गई। सफदरजंग अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, अब तक भीषण गर्मी से पीड़ित 28 मरीज अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। अब तक चार मरीजों की मौत हो चुकी है, जिनमें से दो की मौत पिछले महीने हुई थी। भीषण गर्मी के कारण अब तक आरएमएल अस्पताल में दो और लोकनायक अस्पताल में एक मरीज की मौत हो चुकी है।

