गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार स्थित गौर सिद्धार्थम सोसायटी में सोमवार रात से बिजली नहीं है। गुस्साए लोगों ने मंगलवार सुबह सोसायटी के बाहर प्रदर्शन किया और बीच में खंभा लगाकर सड़क जाम कर दी। इससे चार पहिया वाहनों का आवागमन बाधित हो गया।
इलाके में सोमवार रात से बिजली नहीं
ज्ञात हो कि गाजियाबाद के चिपियाना बुजुर्ग में सोमवार रात एक बजे से बिजली गुल है। गाजियाबाद के कई इलाकों से इसी तरह की बिजली संकट की खबरें आ रही हैं। अजय चौरसिया ने बताया कि लोनी इलाके के नाईपुरा बिजलीघर से पिछले आठ घंटे से बिजली आपूर्ति बंद है। मोहम्मद दानिश ने बताया कि लोनी के त्यागी मार्केट में पूरी रात बिजली नहीं आई। हालांकि सुबह छह बजे कुछ देर के लिए आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन फिर से बिजली कट गई। बलारानगर बिजलीघर के जेई और लाइनमैन फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहे हैं। चिरंजीव विहार के प्रणव ने बताया कि पिछले 12 घंटे से बिजली के साथ आंख-मिचौली खेल रहे हैं। वसुंधरा के अरविंद चौरसिया ने बताया कि उनके इलाके में वोल्टेज ठीक न होने से बिजली के उपकरण खराब हो रहे हैं। इतना ही नहीं, यहां लंबे समय से तार भी नहीं बदले गए हैं।
पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी कोई जवाब नहीं दे रहे
प्रदर्शन कर रहें लोगों का आरोप है कि पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। जूनियर इंजीनियरों को फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिल रहा है और पावर हाउस से भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। इसके कारण पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। जिन लोगों को सुबह ऑफिस जाना था, वे इस समस्या के कारण ऑफिस नहीं जा पा रहे हैं। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है।

