लोकसभा चुनाव में वायनाड और रायबरेली सीट से जीतने के बाद राहुल गांधी ने अब रायबरेली सीट से सांसद रहना चुना है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष को इसकी जानकारी आज दे दी। जिसके बाद अब वायनाड सीट पर लोकसभा कए लिए उप चुनाव होंगे। केरल के इस सीट से राहुल के इस्तीफे के बाद पार्टी ने अपना प्रत्याशी का एलान भी कर दिया। उप चुनाव में कांग्रेस से यहाँ प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी।
राहुल गांधी ने वायनाड सीट छोड़ रायबरेली से सांसद बनना चुना
राहुल गांधी द्वारा वायनाड सीट छोड़ने और प्रियंका गांधी को सीट से उम्मीदवार बनाने को लेकर पूर्व कांग्रेस नेता और वर्तमान में पार्टी से निष्काषित आचार्य प्रमोद कृष्णम ने अपनी प्रतिक्रिया दी हैं। आचार्य प्रमोद ने कहा, प्रियंका गांधी को लोकसभा का टिकट देकर उनका कद छोटा करने की कोशिश की गई है। वायनाड से प्रियंका को मैदान में उतारकर पार्टी ने हिंदुओं पर भरोसा न करने का संकेत दिया है।
प्रियंका गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए था : प्रमोद कृष्णम
प्रमोद कृष्णम ने गाजियाबाद में समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, प्रियंका गांधी कांग्रेस के भीतर सबसे लोकप्रिय चेहरा हैं। उन्हें पार्टी का अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए था… उन्हें कांग्रेस की कमान सौंपी जानी चाहिए थी। अब उपचुनाव में उन्हें लोकसभा का टिकट देकर उनका कद छोटा करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, अगर वह नई पारी की शुरुआत कर रही हैं, तो मेरी शुभकामनाएं उन्हें।
कांग्रेस को हिंदुओं पर भरोसा नहीं : प्रमोद
प्रमोद कृष्णम ने गाजियाबाद में मीडिया से बात करते हुए कहा कि वायनाड से प्रियंका गांधी को मैदान में उतारकर कांग्रेस ने साबित कर दिया है कि उन्हें हिंदुओं पर भरोसा नहीं है। अगर उन्हें हिंदुओं पर भरोसा होता, तो वे कहीं और से चुनाव लड़ते।

