PM Modi का उत्तर प्रदेश और बिहार का दो दिवसीय दौरा मंगलवार से शुरू होगा। लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद यह उनका पहला दौरा होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने एनडीए गठबंधन के समर्थन से सरकार बनाई, जबकि भाजपा को इस लोकसभा चुनाव में केवल 240 सीटें मिलीं, जो बहुमत के आंकड़े से कम है।
किसान सम्मान सम्मेलन में हिस्सा लेंगे PM Modi
मंगलवार को यूपी पहुँचने के बाद पीएम वाराणसी में शाम करीब 5 बजे पीएम किसान सम्मान सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी कृषि सखी के नाम से मशहूर स्वयं सहायता समूहों (SHG) की 30,000 से अधिक महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे। ये महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि गतिविधियों में सहयोग करती हैं। किसानों के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता के प्रदर्शन के रूप में, पीएम मोदी ने तीसरे कार्यकाल के लिए पीएम के रूप में शपथ लेने के बाद, पीएम किसान निधि की 17वीं किस्त जारी करने को अधिकृत किया।
पीएम-किसान योजना के तहत 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी करेंगे
PM Modi आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) के तहत करीब 9.26 करोड़ किसानों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के जरिए 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी करेंगे। अब तक 11 करोड़ से अधिक पात्र किसान परिवारों को इस योजना के जरिए 3.04 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है। कृषि सखी अभिसरण कार्यक्रम (KSCP) ग्रामीण महिलाओं को कृषि सखी के रूप में प्रशिक्षित और प्रमाणित करके सशक्त बनाता है, जो कृषि में पैरा-विस्तार श्रमिकों के रूप में कार्य करती हैं। यह पहल ग्रामीण महिलाओं की आय में सुधार लाने के उद्देश्य से “लखपति दीदी” कार्यक्रम का भी समर्थन करती है।
दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल होंगे PM Modi
यूपी दौरे पर पीएम नरेंद्र मोदी शाम को करीब 7 बजे पीएम मोदी दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल होंगे और करीब 8 बजे पूजा और दर्शन के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे।

