IGI Airport Electricity Down: आज (17 जून) को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अचानक बिजली गुल हो गई। बताया जा रहा है कि ग्रिड फेल होने की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ मिनट के लिए बिजली गुल हो गई। जानकारी के मुताबिक बैकअप सिस्टम की वजह से टिकट काउंटर और अन्य सुविधाएं कुछ ही सेकंड में सामान्य रूप से चालू हो गईं।
हालांकि, पूरे एयरपोर्ट के एसी सिस्टम को बैकअप में शिफ्ट होने में करीब पांच मिनट का समय लगा, जिससे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जीएमआर के मुताबिक, अब सब कुछ सामान्य हो गया है। गौरतलब है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए दो दिन के लिए पावर बैकअप की व्यवस्था है।
एयरपोर्ट पर बिजली गुल होने से कई सुविधाओं पर असर
सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर बिजली गुल हो गई। इसकी वजह से चेक-इन, टिकटिंग और अन्य सेवाएं कुछ देर के लिए काफी प्रभावित रहीं। इस दौरान यात्रियों को देरी और असुविधाओं का सामना करना पड़ा।
इस दौरान यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट के जरिए खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। इन पोस्ट में यात्रियों ने लंबी कतारों, एयरलाइन स्टाफ से अपडेट न मिलने और अपनी फ्लाइट छूटने की चिंता का जिक्र किया।
यूजर्स का दावा है कि 15 मिनट तक बिजली गुल रही
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर ने लिखा कि दिल्ली एयरपोर्ट का T3 टर्मिनल बिजली गुल होने की वजह से पूरी तरह जाम हो गया था। उन्होंने बताया कि कोई भी काउंटर, डिजीयात्रा या कोई भी अन्य चीज काम नहीं कर रही थी। उन्हें यह बात चौंकाने वाली लगी।
इस बीच, एक अन्य यूजर ने X पर पोस्ट किया कि IGI एयरपोर्ट पर करीब 15 मिनट तक बिजली गुल रही। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने बिजली गुल होने को लेकर अलग-अलग दावे किए।

