नोएडा के सेक्टर 3 पुलिस ने गन्ने के रस में थूककर बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को जूस की दुकान के पास से पकड़ा गया। उन्हें हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है। यह घटना नोएडा के सेक्टर 121 स्थित एक सोसायटी के निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत से सामने आई है।
गन्ने के जूस में थूककर बेचता था आरोपी
शिकायतकर्ता ने बताया कि शनिवार को वह और उसकी पत्नी गढ़ी चौखंडी के पास एक जूस की दुकान पर रुके थे। इस दौरान उन्होंने दो गिलास गन्ने का जूस मंगवाया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि गन्ने का जूस निकालने के बाद अपराधियों में से एक ने उसमें थूक दिया और फिर उन्हें पिला दिया।
घटना स्थल से आरोपी फरार
इस पूरी हरकत को देखने के बाद शिकायतकर्ता ने आरोपियों से इस बारे में बात की। इस पर दोनों के बीच बहस हो गई, जिसके दौरान आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। मौके का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने तुरंत 112 पर कॉल की, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
मामले को लेकर सेक्टर 3 थाने में शिकायत दर्ज
इसके बाद सेक्टर 3 थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया। आरोपियों की पहचान बहराइच निवासी जमशेद और साहब आलम के रूप में हुई है, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

