Delhi–NCR News: दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती गर्मी के चलते आग लगने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी में दो और फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई है। मौके पर दमकल की आठ गाड़ियां पहुंच गई हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। हापुड़, नोएडा और बागपत से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गई हैं। राहत की बात यह है कि दोनों फैक्ट्रियों के अंदर किसी कर्मचारी के फंसे होने की सूचना नहीं है।
एक के बाद एक फैक्ट्री में लगी आग
बता दें कि भीषण आग से उठे काले धुएं से पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया है। आग चार मंजिला पैकेजिंग और प्रिंटिंग फैक्ट्री में लगी और इसके ज्वलनशील पदार्थों के कारण पड़ोस की फैक्ट्री भी आग की चपेट में आ गई। हवा की दिशा ऐसी है कि इसके रास्ते में कोई दूसरी फैक्ट्री नहीं है, इसलिए आग के दूसरी फैक्ट्रियों में फैलने का खतरा नहीं है।
मार्केट में लगी आग
इस बीच, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत विहार इलाके में शनिवार सुबह-सुबह एक मार्केट में आग लग गई, जिसमें पांच दुकानें जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं दी है।
डीएफएस के अधिकारी ने दी जानकारी
दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) के एक अधिकारी के अनुसार, उन्हें सुबह पांच बजे मार्केट में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दस दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारी ने बताया कि वसंत विहार के सी ब्लॉक मार्केट में एक बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगी और देखते ही देखते बिल्डिंग की पहली मंजिल तक फैल गई। ऐसा लग रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी।

