Noida News: भीषण गर्मी और लू के बीच नोएडा में एक और आग लगने की घटना सामने आई है। आज सुबह नोएडा के सेक्टर-67 स्थित एक कंपनी में अचानक आग लग गई। घटना फेज-3 थाना क्षेत्र में हुई। सूचना मिलने पर कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और फिलहाल आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह सूचना मिली कि सेक्टर-67 स्थित एक कंपनी में अचानक आग लग गई है। स्थानीय निवासियों ने धुआं उठते देखा और उसके बाद लपटें दिखाई देने लगीं। कुछ ही देर में आग बेकाबू हो गई और भीषण रूप ले लिया। लपटें इतनी तेज हो गई कि दूर से साफ दिखाई देने लगीं।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक टीम मौके पर पहुंच गई। कुल आठ दमकल गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं। हालांकि अभी तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।
आग बुझाने में जुटे दमकलकर्मी
आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने बताया है कि आग लगने के समय कंपनी में कितने लोग मौजूद थे, इसका पता नहीं चल पाया है। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही घटना की गहन जांच और इसके कारणों का पता लगाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Ghaziabad News: जीडीए बहुत जल्द नगर निगम को सौंपेगा इंदिरापुरम, पैसे की कमी के कारण काम में हो रही थी देरी
भीषण गर्मी के बीच कई घटनाएं
गर्मी के मौसम में ऐसी घटनाएं अक्सर देखने को मिलती हैं। पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्म हवाओं और उमस भरी गर्मी के कारण आग लगने की घटनाएं बढ़ गई हैं। नोएडा की बात करें तो यहां रोजाना आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

