Ghaziabad News: मुंबई में एक डॉक्टर को आइसक्रीम खाते समय उसमें कटी हुई इंसानी उंगली मिली। इसके बाद उन्होंने मलाड पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आइसक्रीम ब्रांड यम्मो के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। अब इस घटना का गाजियाबाद से कनेक्शन सामने आया है।
क्या है मामला
26 वर्षीय ब्रेंडन फेराओ ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बहन के साथ एक ऐप के जरिए आइसक्रीम ऑर्डर की थी। उन्होंने तीन यम्मो मैंगो फ्लेवर वाली आइसक्रीम ऑर्डर की। जब थोड़ी देर बाद डिलीवरी आई, तो उसमें दो मैंगो फ्लेवर वाली और एक बटरस्कॉच आइसक्रीम थी।
दोपहर के भोजन के बाद बटरस्कॉच आइसक्रीम खाते समय उन्हें कुछ अजीब सा महसूस हुआ। जब उन्होंने उसे थूका, तो पता चला कि वह इंसानी उंगली का एक हिस्सा था, जिसमें एक कील भी थी। फेराओ ने मीडिया को बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर यम्मो आइसक्रीम की शिकायत की। कस्टमर केयर ने उन्हें बताया कि वे मामले की जांच करेंगे।
आइसक्रीम लेकर पहुंचा थाने
इसके बाद वे उंगली और आइसक्रीम पैक लेकर मलाड पुलिस स्टेशन पहुंचे। एक रिपोर्ट के अनुसार, आइसक्रीम के रैपर पर निर्माण तिथि 11 मई, 2024 और समाप्ति तिथि 10 मई, 2025 अंकित थी। यह उत्पाद गाजियाबाद में लक्ष्मी आइसक्रीम प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बनाया गया था।
यह भी पढ़ें: ऑनलाइन ऑडर किया Ice cream तो साथ मिला इंसानी उंगली, जानिए पूरा मामला
युमो के प्रवक्ता ने कहा, “हमने थर्ड-पार्टी निर्माण सुविधा में उत्पादन रोक दिया है। हमने वहां बने उत्पादों को अलग कर दिया है। यह गोदाम और बाजार स्तर पर भी किया गया है। हम इस मामले की जांच में अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करेंगे।” इस बीच, एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि उंगली को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
इन धाराओं में मामला दर्ज
पीड़ित की शिकायत के आधार पर, पुलिस ने आइसक्रीम कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 272 (बिक्री के लिए खाद्य या पेय में मिलावट), 273 (हानिकारक खाद्य और पेय की बिक्री) और 336 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत मामला दर्ज किया है।

