Pema Khandu Oath: भाजपा नेता पेमा खांडू को राज्यपाल केटी परनायक ने अरुणाचल प्रदेश के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। इसके साथ ही राज्यपाल परनायक ने 11 विधायकों को मंत्री पद की शपथ भी दिलाई। पेमा खांडू तीसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं, जबकि चोना मीन को फिर से उप मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है।
प्रदेश के 11वें मुख्यमंत्री बने खांडू
गुरुवार को डीके कन्वेंशन सेंटर में राज्यपाल केटी परनायक ने सबसे पहले पेमा खांडू को अरुणाचल प्रदेश के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद राज्यपाल ने 11 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। पेमा खांडू के मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्रियों में बामंग फेलिक्स, मामा नटुंग, नाकप नालो, तुमके बागरा, ताबा तेदिर, होनचुन नगंदम, एलो लिबांग, तागे टाकी, वांगकी लोवांग, कामलुंग मोसांग और जुम्मुम एते देओरी शामिल हैं।
घोषणापत्र के अनुसार काम करेगी सरकार
शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री खांडू ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की जनता ने भाजपा पर भरोसा किया है और उसे चुना है। उन्होंने कहा कि वे लोगों के भरोसे को कायम रखने के लिए मंत्रिमंडल के साथ मिलकर काम करेंगे और राज्य के विकास और प्रगति के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी कैबिनेट टीम भाजपा के घोषणापत्र के अनुसार काम करेगी। उन्होंने भाजपा पर भरोसा करने और उसे फिर से चुनने के लिए राज्य की जनता का आभार जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी कैबिनेट का भी आभार जताया।
ये दिग्गज नेता रहें मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद के साथ ही पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों असम के डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा, मणिपुर के एन. बीरेन सिंह, त्रिपुरा के डॉ. माणिक साहा और सिक्किम के प्रेम सिंह तमांग समेत अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

