Odhisha Chief Minister: ओडिशा का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा अब इस सवाल पर विराम लग गया है. मोहन चरण माझी को ओडिशा के 15वें मुख्यमंत्री के तौर पर चुन लिया गया है। इसके अलावा केवी सिंहदेव और प्रवती परिदा राज्य के उप मुख्यमंत्री होंगे। मंगलवार यानी आज हुई भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद इन नामों को मंजूरी दी गई।
भाजपा ने नए मुख्यमंत्री के चयन के लिए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव को पर्यवेक्षक नियुक्त किया। बता दें कि मोहन चरण 2019 के ओडिशा विधानसभा चुनाव में क्योंझर से भाजपा विधायक चुने गए थे। उन्होंने 2000 से 2009 के बीच दो बार क्योंझर का प्रतिनिधित्व भी किया था।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी हो सकते हैं शामिल…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ओडिशा में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। वे 12 जून को दोपहर 2:30 बजे भुवनेश्वर पहुंचेंगे। इसके बाद वे जनता मैदान जाएंगे। हालांकि पार्टी ने शपथ ग्रहण समारोह से पहले मोदी के लिए रोड शो का प्रस्ताव रखा है, लेकिन पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री समेत कई अतिथि इस समारोह में शामिल होंगे। अनुमान है कि इस कार्यक्रम में विधायकों और सांसदों समेत करीब 50,000 लोग शामिल होंगे।

