NDA Govt Formation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) संसदीय दल का नेता चुन लिया गया है। पुरानी संसद के सेंट्रल हॉल (संविधान हॉल) में सुबह 11 बजे शुरू हुई बैठक में एनडीए के 13 दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री ने इस नई जिम्मेदारी को दिए जाने पर आभार जताया और कहा कि एनडीए गठबंधन सही मायनों में भारत की असली भावना को दर्शाता है।
राजनाथ सिंह ने रखा मोदी के नाम का प्रस्ताव
आज की बैठक में एनडीए के सभी 293 सांसद, राज्यसभा सांसद और राज्यों के सभी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल हुए। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने स्वागत भाषण दिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री पद के लिए नरेंद्र मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा। अमित शाह ने प्रस्ताव का समर्थन किया और नितिन गडकरी ने इसे मंजूरी दी। जेडी(एस) के अध्यक्ष कुमारस्वामी ने भी प्रस्ताव का समर्थन किया।
नायडू ने की पीएम मोदी की तारीफ
इसके बाद एनडीए के अहम सदस्य टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने कहा, “हम सभी को बधाई। चुनाव प्रचार के दौरान मैंने देखा कि पीएम ने तीन महीने तक कभी छुट्टी नहीं ली। उन्होंने उसी जोश के साथ शुरुआत की और उसी जोश के साथ खत्म भी किया। आंध्र में हमने 3 जनसभाएं और एक बड़ी रैली की, जिसने चुनाव जीतने में अहम भूमिका निभाई।”
नीतीश कुमार ने किया मोदी के नाम का समर्थन
जेडीयू प्रमुख और बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा, “मैं मोदी जी के नाम का समर्थन करता हूं। मैं चाहता था कि वे आज ही शपथ लें। यह बहुत खुशी की बात है कि वे 10 साल से पीएम हैं और फिर से पीएम बनने जा रहे हैं। उन्होंने देश की सेवा की है और जो कुछ भी करना बाकी है, उसे वे अब पूरा करेंगे। अगली बार जब आप आएंगे, तो यहां-वहां जीतने वाले फिर से नहीं जीतेंगे।”
आज ही सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे
सूत्रों के मुताबिक, संसद के सेंट्रल हॉल में एनडीए की बैठक खत्म होने के बाद गठबंधन के नेता आज ही सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। मोदी 9 जून को शाम 6 बजे राष्ट्रपति भवन में तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। खबर है कि मोदी के साथ पूरा मंत्रिमंडल शपथ ले सकता है।

