RBI MPC Meeting: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने लगातार आठवीं बार रेपो दर को 6.5 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखा है। मुद्रास्फीति को 4 प्रतिशत के स्थायी स्तर पर लाने और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए नीति दर को बनाए रखा गया है। RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बुधवार को शुरू हुई मौद्रिक नीति समिति (MPC) की तीन दिवसीय बैठक के दौरान लिए गए निर्णय की घोषणा की और शुक्रवार को जानकारी दी।
EMI न बढ़ेगी और न ही घटेगी
शक्तिकांत दास ने उल्लेख किया कि MPC के सदस्यों ने खुदरा मुद्रास्फीति को लक्ष्य के अनुरूप सुनिश्चित करने के लिए समायोजन वापस लेने के अपने रुख को जारी रखने का भी फैसला किया है। रेपो दर को 6.5 प्रतिशत पर रखने का मतलब है कि आवास और वाहन ऋण सहित विभिन्न ऋणों की मासिक किस्तों (EMI) में बदलाव की संभावना कम है। केंद्रीय बैंक ने आखिरी बार फरवरी 2023 में रेपो दर बढ़ाकर इसे 6.5 प्रतिशत कर दिया था। तब से, MPC की लगातार आठ बार बैठक हो चुकी है।
उल्लेखनीय है कि बैंक रेपो दर के आधार पर अपने ऋण ब्याज दरों का फैसला करते हैं। शक्तिकांत दास ने कहा कि आरबीआई का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2025 के लिए वास्तविक जीडीपी करीब 7.2 फीसदी रहेगी। पहली तिमाही में जीडीपी वृद्धि 7.3 फीसदी, दूसरी तिमाही में 7.2 फीसदी, तीसरी तिमाही में 7.3 फीसदी और चौथी तिमाही में 7.2 फीसदी रहने की उम्मीद है।
4.5 फीसदी हो सकती है मुद्रास्फीति दर
पिछले एमपीसी की तरह वित्त वर्ष के लिए खुदरा मुद्रास्फीति का पूर्वानुमान बरकरार रखा गया है। आरबीआई का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2025 के लिए सीपीआई मुद्रास्फीति 4.5 फीसदी रहेगी। आरबीआई को उम्मीद है कि पहली तिमाही में मुद्रास्फीति 4.9 फीसदी, दूसरी तिमाही में 3.8 फीसदी, तीसरी तिमाही में 4.6 फीसदी और चौथी तिमाही में 4.5 फीसदी रहेगी।
6 में से 4 सदस्यों ने बदलाव नहीं करने का किया फैसला
एमपीसी में कुल छह सदस्य हैं। इन छह सदस्यों में से चार ने रेपो दर में बदलाव नहीं करने का फैसला किया। शक्तिकांत दास ने बताया कि एमपीसी सदस्यों ने खुदरा मुद्रास्फीति को लक्ष्य के अनुरूप बनाए रखने के लिए समायोजन वापस लेने के अपने रुख को जारी रखने का भी निर्णय लिया है।

