भारत निर्वाचन आयोग (EC) ने सोमवार को लोकसभा चुनाव के सफल संचालन के ट्रैक रिकॉर्ड पर चर्चा करने के लिए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस को मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के साथ-साथ चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू ने संबोधित किया। मुख्य चुनाव आयुक्त कुमार ने कहा, भारतीय चुनाव वास्तव में एक चमत्कार है। दुनिया में इसकी कोई मिसाल नहीं है। चुनाव आयोग ने कहा कि छिटपुट घटना को अगर छोड़ दिया जाए तो चुनाव शांति पूर्ण रहा।
इस बार सबसे ज्यादा मतदान : EC
EC के आंकड़ों के अनुसार लोकसभा चुनाव 2024 में करीब 64.2 करोड़ लोगों ने वोट डाला। ये आँकड़े दुनिया के किसी भी देश में अब तक का सबसे ज़्यादा मतदान है। इसमें 31 करोड़ महिलाएँ और 33 करोड़ पुरुष मतदाता शामिल हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, हमने 642 मिलियन मतदाताओं का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। यह सभी जी-7 देशों के मतदाताओं का 1.5 गुना और यूरोपीय संघ के 27 देशों के मतदाताओं का 2.5 गुना है।
मतदाताओं को स्टैन्डींग ओवैशन
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव में भाग लेने वाले सभी मतदाताओं को खड़े होकर अभिनंदन किया।
1.5 करोड़ मतदान और सुरक्षाकर्मी : EC
चुनाव आयोग ने बताया कि देश में 18 वीं लोकसभा चुनाव के दौरान देश में मतदान के लिए 1.5 करोड़ मतदान और सुरक्षा कर्मियों ने भाग लिया। जिनके आवाजाही के लिए करीब 135 विशेष ट्रेनों, 4 लाख वाहन और 1692 फ्लाट्स आदि का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान करीब 68763 मॉनिटरिंग टीमें देश में मतदान की निगरानी कर रही थी।

