मथुरा पुलिस ने बीती रात्रि मुठभेड़ के दौरान वृद्ध महिला के साथ बलात्कार और लूट की घटना को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश को मार गिराया है। मृतक बदमाश शुक्रवार को जिला अस्पताल से उपचार के दौरान हॉस्पिटल में चकमा देकर फरार हो गया था।
मुठभेड़ में मारा गया आरोपी
मथुरा के एसएसपी शैलेश कुमार पाण्डे ने बताया कि बीती रात दलोता के पास सेही रोड़ पर थाना शेरगढ़ पुलिस व SOG टीम की संयुक्त कार्यवाही में पुलिस अभिरक्षा से भागे इनामी अपराधी मनोज उर्फ उत्तम को गोली लग गई। जिसके बाद आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बदमाश पर 50 हजार का इनाम घोषित था ।
क्या है पूरा मामला
आरोपी पर लगे आरोप को लेकर पुलिस ने बताया कि पिछले सप्ताह महावन क्षेत्र में बाइक पर लिफ्ट देने के बहाने एक 65 वर्षीय महिला के साथ मनोज उर्फ उत्तम ने खेत में बलात्कार की घटना को अंजाम दिया और उसके साथ लूट भी की। जिसके बाद घटना को लेकर ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में स्थानीय पुलिस कार्यालय पर प्रदर्शन किया था। जिसके बाद घटना में कार्यवाई करते हुए पुलिस ने मनोज उर्फ उत्तम को बीते दिनों मुठभेड़ में गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान मनोज उर्फ उत्तम प्रशासन को चकमा देकर फरार हो गया था।
ये भी पढ़ें : दिल्ली के कश्मीरी गेट पुलिस स्टेशन में भीषण आग, घटना में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट
बलात्कार का आदी था आरोपी
वहीं मनोज उर्फ उत्तम के बारे में सूत्रों का कहना है कि वो महिलाओं के साथ बलात्कार का आदी था। मनोज उर्फ उत्तम के खिलाफ पूर्व में भी एक बलात्कार का मुकदमा दर्ज है। इसके साथ साथ बहुत से मामलों में लोक लाज के कारण आरोपी के खिलाफ पुलिस थानों में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

