राष्ट्रीय राजधानी Delhi में जारी भीषण गर्मी के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय केंद्र ने शुक्रवार को दिल्ली के लोगों को राहत देने की भविष्यवाणी की है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ धूल भरी आंधी, गरज के साथ छींटे पड़ने और हल्की बारिश होने की भी संभावना है।
आज Delhi में हल्की बारिश की उम्मीद
Delhi में क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र (RWFC)ने कहा है कि आज राजधानी में गरज के साथ बारिश या धूल भरी आंधी आने की संभावना है, साथ ही हल्की बारिश या बूंदाबांदी और 25-35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
Delhi में 1 जून तक बादल छाए रहेंगे
IMD में RWFC के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि राजधानी Delhi में 1 जून तक बादल छाए रहने की उम्मीद है, जिसके बाद 4 जून तक हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है।उन्होंने कहा, 31 मई और 1 जून को पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर और पूरे उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं 1 जून तक तापमान में 3-4 डिग्री की कमी आएगी। मौसम विभाग ने बुधवार को हीटवेव के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया था, जिसे बदलकर गुरुवार को ऑरेंज अलर्ट कर दिया गया है, जो तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्शाता है।
AQI खराब श्रेणी में दर्ज किया गया
इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (cpcb) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार शाम 4 बजे दर्ज किया गया समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 227 के साथ ‘खराब’ श्रेणी में था। बुधवार को भीषण गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुंगेशपुर में दोपहर 3:15 बजे तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो भारत में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। हालांकि, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मौसम विभाग के बयान पर संदेह व्यक्त करते हुए इसे ‘बहुत ही असंभव’ बताया है।

