करीब दो महीने से ज्यादा समय से चल रहे लोकसभा चुनाव का मैराथन अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। सातवें चरण में शनिवार को उत्तर प्रदेश के 13 सीटों पर मतदान होगा। जिसके लिए आज गुरुवार को उत्तर प्रदेश की वाराणसी और गोरखपुर समेत 13 लोकसभा सीटों के लिए प्रचार थम जाएगा। प्रदेश में 13 लोकसभा सीट के साथ ही दुद्धी विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। इस चरण में वाराणसी, मिर्जापुर, रॉबर्ट्सगंज, चंदौली, गाजीपुर, सलेमपुर, बलिया, घोसी, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया और बांसगांव सीटें शामिल हैं।
13 सीटों पर प्रचार प्रसार खत्म 1 जून को मतदान
मैदान में 144 प्रत्याशी हैं, जिनमें 134 पुरुष और 10 महिलाएं हैं। जबकि दुद्धी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में छह प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 11 सीटें सामान्य हैं, और रॉबर्ट्सगंज तथा बांसगांव आरक्षित हैं। उत्तर प्रदेश की इन 13 सीटों पर प्रचार के अंतिम चरण में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के नेताओं ने जमकर प्रचार किया। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक दिन पहले गुरुवार को महाराजगंज में रैली की थी, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराजगंज, देवरिया, बलिया और सोनभद्र में जनसभाओं को संबोधित किया था।
7 दिनों में सभी 13 लोकसभा सीटों पर सीएम की रैली
गुरुवार को जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंजाब और हिमाचल में रहकर जनसभाओं को संबोधित करने का आखिरी दिन पूरा किया, वहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने वाराणसी में प्रचार किया। इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने पिछले सात दिनों में इन सभी 13 लोकसभा सीटों पर रैलियों को संबोधित किया था। बुधवार को योगी आदित्यनाथ ने अपने गृह जिले गोरखपुर में भाजपा प्रत्याशी रवि किशन के समर्थन में रोड शो भी किया था।
13 में 10 सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार
सातवें और अंतिम चरण में वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मिर्जापुर से केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, चंदौली से मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय, महाराजगंज से केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी और बलिया से पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर समेत प्रमुख उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। इस चरण में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल तीन सीटों पर और भाजपा दस सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उनकी सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) मिर्जापुर और रॉबर्ट्सगंज में चुनाव लड़ रही है। वहीं, विपक्षी भारतीय महागठबंधन में समाजवादी पार्टी नौ और कांग्रेस चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
यूपी के इन सीटों पर होगा मतदान
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने बताया कि सभी सीटों पर मतदान से 48 घंटे पहले गुरुवार को शाम छह बजे प्रचार समाप्त हो जाएगा। प्रचार समाप्त होने के बाद सभी 13 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के बाहर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं की उपस्थिति पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि मतदान के दिन मतदान केंद्र के अंदर फोन या वायरलेस सेट ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर ठंडे पानी, छाया, ओआरएस और मेडिकल किट की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी।

