प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को इंटरनेशनल एम्यूजमेंट लिमिटेड से जुड़े धोखाधड़ी के एक मामले में दिल्ली और नोएडा में 291 करोड़ रुपये की कई अचल संपत्तियां जब्त कीं। संघीय जांच एजेंसी ने यह जानकारी दी। जब्त की गई संपत्तियों में नोएडा के ग्रेट इंडिया प्लेस (GIP) मॉल की कई दुकानें और दिल्ली रोहिणी में वाणिज्यिक स्थान शामिल हैं।
क्यों हुई ED की कार्रवाई ?
गुरुग्राम पुलिस में इंटरनेशनल रिक्रिएशन एंड एम्यूजमेंट लिमिटेड और उसके भागीदारों के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई है। कथित धोखाधड़ी मामले में जयपुर में कुछ जमीन भी जब्त की गई है।
क्या है मामला ?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय ने इंटरनेशनल एम्यूजमेंट लिमिटेड (मेसर्स आईआरएएल की होल्डिंग कंपनी) से संबंधित लगभग 291.18 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां कुर्क की हैं, जो एंटरटेनमेंट सिटी लिमिटेड में हैं। इनमें नोएडा के ग्रेट इंडिया प्लेस मॉल में 3,93,737.28 वर्ग फुट का बिना बिका व्यावसायिक स्थान, दिल्ली के रोहिणी में एडवेंचर आईलैंड लिमिटेड के नाम पर 45,966 वर्ग फुट का व्यावसायिक स्थान और जयपुर के दौलतपुर गांव में इंटरनेशनल एम्यूजमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के नाम पर 218 एकड़ जमीन पर लीजहोल्ड अधिकार शामिल हैं।
मामले में ईडी ने क्या कहा
ज्ञात हो की ED ने संदेह जताया की आरोपी कंपनी ने गुरुग्राम में घर और दुकानें दिलाने के नाम पर करीब 1,500 निवेशकों से 400 करोड़ रुपये वसूले। इसके बाद संघीय जांच एजेंसी को संदेह है कि यह पैसा निजी लाभ के लिए दूसरी कंपनियों में लगाया गया।

