राजधानी सहित पूरे उत्तर भारत में जारी भयंकर हिटवेव के बीच अब राजधानी में बिजली की मांग में भी इजाफा हुआ हैं। इस महीने की शुरुआत में देश की राजधानी में उस वक्त तक का सबसे अधिकतम स्तर पर पहुंच गई थी। जिसके बाद एक बार फिर से बुधवार को राजधानी में बिजली की मांग अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। इससे पहले कल अधिकतम तापमान लगभग 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंची मांग
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में भीषण गर्मी के कारण बुधवार दोपहर बिजली की अधिकतम मांग 8,302 मेगावाट या 8.3 गीगावाट के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। राष्ट्रीय राजधानी के इतिहास में यह पहली बार है कि इसकी बिजली की मांग 8,300 मेगावाट के आंकड़े को पार कर गई है। डिस्कॉम अधिकारियों ने कहा कि बिजली वितरण कंपनियों ने अनुमान लगाया था कि इस गर्मी में बिजली की मांग 8,200 मेगावाट तक पहुंच जाएगी।
राजधानी में 8.3 गीगावाट की मांग
दिल्ली स्थित राज्य लोड डिस्पैच सेंटर के अनुसार, शहर की अधिकतम बिजली मांग 15:36:32 बजे 8,302 मेगावाट थी। राजधानी में पिछली अधिकतम बिजली मांग इस महीने की शुरुआत में दर्ज की गई थी, जब 22 मई को यह 8,000 मेगावाट या 8 गीगावाट तक पहुंच गई थी।
राजधानी में तापमान 50 डिग्री से पार
इससे पहले दिन में राजधानी का तापमान भी अपने अधिकतम रिकॉर्ड पर पहुँच गया। शहर में लंबे समय से भीषण गर्मी पड़ रही है और नजफगढ़, मुंगेशपुर और नरेला सहित कई इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान लगभग 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

