सशस्त्र बलों के जवानों के लिए एक अच्छी खबर है। ग्रेटर नोएडा स्थित जेवर में बनने जा रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों सहित विभिन्न बलों के लगभग 8,500 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। इनमें से 4,500 केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) से होंगे, जिन्हें हवाईअड्डा परिसर के भीतर आवास उपलब्ध कराया जाएगा। उनके लिए अलग से फ्लैट बनाये जायेंगे।
परिवार संग रहने के लिए शर्त के साथ छूट
यमुना अथॉरिटी के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर तैयारी शुरू हो गई है। यमुना अथॉरिटी ने यह निर्णय लिया है कि 4,500 CISF के जवान हवाईअड्डा परिसर में ही रहेंगे। उन्हें उनके लिए उपलब्ध कराए गए फ्लैटों में अकेले रहने की अनुमति होगी। यदि कोई सुरक्षाकर्मी अपने परिवार के साथ भी रहना चाहता है तो उसके लिए हवाईअड्डा परिसर के बाहर रहने की व्यवस्था की जाएगी। अंदर परिवारों के साथ रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह फैसला सुरक्षा के दृष्टिकोण से लिया गया है।
ये भी पढ़ें : Delhi Fire : राजधानी में अब तक आगजनी से 55 मौतें , पिछले साल से 32 फीसदी अधिक
सितंबर से शुरू होगी उड़ानें
ज्ञात हो कि 2 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा समीक्षा के लिए जेवर एयरपोर्ट का दौरा करेंगे, जो जेवर एयरपोर्ट पर सितंबर से उड़ानें शुरू होना प्रस्तावित है। फिलहाल उड़ान उपकरणों की स्थापना का काम चल रहा है। इसलिए उनका यह दौरा काफी महत्व रखता है।
जून से एयरपोर्ट पर ट्रायल रन शुरू होगा
यमुना अथॉरिटी द्वारा जून से एयरपोर्ट पर ट्रायल रन शुरू करने की तैयारी भी की जाएगी। विकासकर्ता कंपनी हवाई अड्डे के निर्माण के शुरुआती चरण में तेजी से आगे बढ़ रही है। साथ ही कनेक्टिविटी को लेकर भी काम चल रहा है.

