लोकसभा चुनाव 2024 में विपक्ष के जीतने पर PM पद के उम्मीदवार के नाम को लेकर भाजपा के कई नेताओं द्वारा पूछे गए सवालों के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को बड़ा खुलासा किया। आप के संयोजक ने स्पष्ट करते हुए कहा कि वह खुद को विपक्षी दल का प्रधानमंत्री पद का चेहरा नहीं मानते हैं। एक समाचार एजेंसी को दिए साक्षात्कार में केजरीवाल ने कहा, मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं है। आप एक बहुत छोटी पार्टी हैं जो केवल 22 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं।
भाजपा फिर से सत्ता में आती है तो सभी विपक्षी नेताओं को जेल जाना पड़ेगा : केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका प्राथमिक लक्ष्य देश और उसके लोकतंत्र को मौजूदा ‘तानाशाही’ से बचाना है। केजरीवाल ने इस बात पर भी जोर दिया कि अगर भाजपा सरकार फिर से सत्ता में आती है, तो सभी विपक्षी नेताओं को जेल जाना पड़ेगा और पार्टी चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर करेगी।
लोकसभा चुनाव 2024 में विपक्ष की जीत हो रही : केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि PM पद का उम्मीदवार 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद तय किया जाएगा, जो 4 जून को घोषित किए जाएंगे। केजरीवाल ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि हर कोई जेल में होगा और उसके बाद वे चुनाव कराएंगे और जीतते रहेंगे। इसलिए लोकतंत्र को बचाना होगा। चेहरा कौन होगा, यह 4 जून के बाद तय किया जाएगा। केजरीवाल ने जोड़ देते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में विपक्ष की जीत हो रही है।
चुनाव के बाद PM पर फैसला
राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने के सवाल को टालते हुए सीएम ने कहा कि गठबंधन में इस तरह की कोई चर्चा नहीं हुई है और चुनाव नतीजों के बाद इस पर फैसला लिया जाएगा। यह एक सैद्धांतिक सवाल है। हम जब साथ बैठेंगे तो इस पर चर्चा करेंगे।

