Weather विभाग के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। वहीं हवा में नमी का स्तर 69 से 17 फीसदी तक रहा। राजधानी का नजफगढ़ दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शनिवार को लू चलने का येलो अलर्ट जारी
दिल्ली में चिलचिलाती गर्मी और बढ़ने की संभावना है और शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। शनिवार को यह 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बदलती Weather को लेकर मौसम विभाग ने शनिवार को लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार शनिवार को 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झुलसाने वाली हवाएं चल सकती हैं।
Weather Update : इस हफ्ते नहीं मिलेगी लू से राहत
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को आसमान साफ रहेगा लेकिन दिन भर तेज धूप रहेगी। राजधानी का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। आने वाले दिनों में दोपहर की गर्मी से लोगों को और दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग का संकेत है कि इस सप्ताह दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं। पूरे सप्ताह लू चलने के साथ 30 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ाएंगी।
31 मई को दक्षिण-पश्चिम मानसून के आने की संभावना
शुक्रवार से शनिवार तक उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और बिहार के लिए भी लू की चेतावनी जारी की गई है। मौसम एजेंसी ने भविष्यवाणी की है कि अगले पांच दिनों तक राजस्थान के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरी स्थिति बनी रहेगी। केरल में मध्यम से भारी बारिश की उम्मीद है क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून 31 मई तक राज्य में दस्तक दे सकता है। दक्षिण-पश्चिम मानसून आम तौर पर लगभग सात दिनों के मानक विचलन के साथ 1 जून को केरल में प्रवेश करता है। इस वर्ष 31 मई को केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आने की संभावना है।

