Mani Shankar Aiyar: सैम पित्रोदा के कथित नस्लभेदी और रंगभेदी बयान को लेकर कांग्रेस पार्टी अभी उबरी भी नहीं थी अब कांग्रेस के एक और वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी है। मणिशंकर अय्यर ने एक ऐसा बयान दिया है जिससे विवाद पैदा हो गया है। एक बातचीत में अय्यर ने कहा, ‘पाकिस्तान एक संप्रभु देश है और उनके पास परमाणु बम हैं, इसलिए हमें उनका सम्मान करना चाहिए।’
मणिशंकर अय्यर ने क्या कहा ?
मणिशंकर अय्यर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के साथ बातचीत में शामिल होने के लिए समर्थन जताया और सरकार से अपील करते हुए कहा, “पाकिस्तान एक संप्रभु देश है और वे सम्मान के पात्र हैं, उस सम्मान को बनाए रखते हुए आप बात कर सकते हैं।” आप उनसे कुछ भी कहना चाहते हैं, लेकिन उनसे बात करें। आप बंदूकें लेकर घूम रहे हैं और इससे तनाव बढ़ रहा है।”
अय्यर ने कहा, “अगर कोई सिरफिरा वहां सत्ता पर कब्जा कर ले तो क्या होगा? उनके पास परमाणु बम हैं। हमारे पास भी हैं, लेकिन अगर लाहौर स्टेशन पर बम फट जाए तो विकिरण सिर्फ 8 सेकंड में अमृतसर तक पहुंच जाएगा। ऐसे में हम बात करके बमों के इस्तेमाल को रोकने की कोशिश करनी चाहिए। अगर हम उनसे बात करने की कोशिश करेंगे और उन्हें सम्मान देंगे तो वे अपने बमों के बारे में नहीं सोचेंगे। अगर भारत को विश्व गुरु बनना है तो यह दिखाना जरूरी है कि हम हैं, हम पाकिस्तान के साथ अपने मुद्दों को सुलझाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, इसके लिए हमें बातचीत की जरूरत है और पिछले 10 वर्षों में कोई चर्चा नहीं हुई है।”
सैम पित्रोदा के बयान पर भी विवाद छिड़ा
हाल ही में कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने एक इंटरव्यू में भारत की विविधता पर चर्चा करते हुए कहा था, ‘पूर्व में लोग चीनी जैसे दिखते हैं, दक्षिण में लोग अफ़्रीकी जैसे और पश्चिम में लोग अरब जैसे दिखते हैं, लेकिन इसके बावजूद हम एक हैं।’ हालांकि, अपने बयान में की गई उपमाओं के चलते बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए पित्रोदा के बयान को नस्लभेदी और रंगभेदी करार दिया. पित्रोदा के बयान को लेकर कांग्रेस भी निशाने पर आ गई और पार्टी ने उनकी टिप्पणी से खुद को अलग कर लिया.

