अगले साल होने चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भारतीय टीम के पाकिस्तान दौरे को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारतीय दौरे पर जाएगी या नहीं इस पर केंद्र सरकार फैसला लेगी।
भारत सरकार के निर्णय के अनुसार BCCI करेगा फैसला
सोमवार को राजीव शुक्ला ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि BCCI भारतीय टीम को पाकिस्तान भेजने पर संघीय सरकार के निर्देशों का पालन करेगा।उन्होंने कहा कि चैंपियन ट्रॉफी के मामले में, हम वही करेंगे जो भारत सरकार हमें करने के लिए कहेगी। हम अपनी टीम तभी भेजते हैं जब भारत सरकार हमें इजाजत देती है। इसलिए, हम भारत सरकार के निर्णय के अनुसार चलेंगे।
पाकिस्तान की मेजबानी में होगा इस बार चैंपियंस ट्रॉफी
ज्ञात हो कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB)की मेजबानी में अगले साल फरवरी में पाकिस्तान में खेली जाने वाली चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए सुरक्षा योजनाओं को लेकर टीम के पाकिस्तान जाने या ना जाने की बातें हो रही हैं। ज्ञात हो कि पीसीबी ने अपने शुरुआती ड्राफ्ट शेड्यूल में तीन स्थानों, कराची, लाहौर और रावलपिंडी को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के सामने रखा था। इस पर भाग लेने वाले देशों से आईसीसी फीडबैक लेगी। आठ टीमों के टूर्नामेंट के दो सप्ताह तक चलने की उम्मीद है, हालांकि तारीखों की अभी तक पुष्टि नहीं की गई है।
भारत के सभी मैच लाहौर में होंगे ; सूत्र
मीडिया सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान में सुरक्षा उपाय के तौर पर भारत की यात्रा को कम करने का फैसला किया है। चैंपियंस ट्रॉफी में पहले दौर में भारत के सभी मैच लाहौर में होंगे। ज्ञात हो की 2008 एशिया कप के बाद से कोई भी भारतीय टीम पाकिस्तान में नहीं खेली है।
8 साल बाद होगा चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन
इस बार आठ साल के अंतराल के बाद आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हो रहा हैं। आखिरी चैंपियंस ट्रॉफी 2017 में में खेला गया था।जब पाकिस्तान फाइनल में भारत को हराकर विजयी हुआ था।
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी ये टीमें लेंगी हिस्सा
2025 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए 8 टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों में पाकिस्तान (मेजबान), भारत, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, इंग्लैंड और बांग्लादेश शामिल हैं।

