Delhi Lok Sabha Election 2024: उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने सोमवार यानी अज अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर दिल्ली के आम आदमी पार्टी नेता और मंत्री गोपाल राय, आप सांसद और अन्य नेता मौजूद रहे. बता दें कि कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय सीट से लगातार दो बार के बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं.
लोकसभा चुनाव 2024 के तहत दिल्ली की सभी 7 संसदीय सीटों पर 25 मई को मतदान होगा। दिल्ली में नामांकन का आज आखिरी दिन है।
नामांकन से पहले किया यह काम
उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से नामांकन दाखिल करने से पहले कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने हवन-पूजन भी किया. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट लिखा, “अरदास है कहीं कीर्तन, कहीं रामधुन, कहीं आह्वान, विधि भेद का है, ये सब रचना, तेरा भक्त तुझको बुला रहा, तू ही राम है, तू रहीम है, तू करीम कृष्ण खुदा हुआ।” तू ही वाहेगुरु तू येशु मसीह, हर नाम में तू समा रहा।”
जय जवान, जय किसान, जय संविधान
अपने पोस्ट में उन्होंने यह भी लिखा कि आज नामांकन से पहले सभी धर्मों के गुरुओं ने मुझे संविधान की प्रस्तावना सौंपी, मेरे लिए प्रार्थना की और मुझे आशीर्वाद दिया. ये हमारा भारत है. ये हमारा संविधान है. ‘सर्व धर्म सम भाव।’ इस भारत और इसके संविधान की रक्षा के लिए मैं अपना पूरा जीवन दांव पर लगा दूंगा। जय जवान, जय किसान, जय संविधान।
बता दें कि कन्हैया कुमार पहली बार दिल्ली से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं. स्थानीय नेताओं का एक समूह भी कांग्रेस नेतृत्व द्वारा दिए गए टिकटों का विरोध कर रहा है. इससे पहले 2019 में कन्हैया कुमार ने बिहार की बेगुसराय संसदीय सीट से चुनाव लड़ा था, जहां वह बीजेपी उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से हार गए थे.

