Loksabha Election 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटावा में एक चुनावी रैली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव को भी याद किया. उन्होंने कहा, “संसद में दिवंगत मुलायम सिंह ने कहा था कि मोदी फिर जीतेंगे और हम आए भी. अब उनके छोटे भाई भी बीजेपी को जिताने की बात कर रहे हैं, आखिरकार दिल की बात जुबां पर आ ही गई.”
प्रधानमंत्री ने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी को बाहर से यादव परिवार से कोई नेतृत्व करने के लिए नहीं मिला और हमने मोहन यादव को सीएम बना दिया. ये बीजेपी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी सीएम बन सकता है. मैंने द्वारका में पूजा की, लेकिन कांग्रेस के शहजादे को इससे भी परेशानी होती है.” मैं यहां सपा सदस्यों से पूछना चाहता हूं कि आप यादव वंश से हैं और आप उस बयान के लिए शहजादे को समझा नहीं पाए, उन्होंने मोदी की आलोचना करते करते भगवान की आलोचना करने लगे हैं.
I.N.D.I.A गठबंधन पर क्या बोले पीएम मोदी?
पीएम मोदी ने I.N.D.I.A गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी और योगी आपके बच्चों के लिए काम कर रहे हैं, हमारी कोई संतान नहीं है, लेकिन हम आपके बच्चों के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं और ये गठबंधन अपने बच्चों के भविष्य के लिए लड़ रहा है. भारत 1000 साल तक मजबूत रहे, मोदी इसकी नींव तैयार कर रहा हैं.
राहुल गांधी पर साधा निशाना
उन्होंने आगे कहा कि कुछ लोग मैनपुरी, कन्नौज और इटावा को अपनी जागीर मानते हैं, तो कुछ लोग अमेठी-रायबरेली को अपनी जागीर मानते हैं, लेकिन मोदी की विरासत गरीब का पक्का घर है। राजघराने का वारिस ही मुख्यमंत्री-प्रधानमंत्री बने इस गलत परंपरा को इस चायवाले ने तोड़ दिया है. पांच साल पहले चुनाव के दौरान कांग्रेस का राजपरिवार मंदिरों के दर्शन कर रहा था. कांग्रेस के शहजादे ने कोट के ऊपर जनेऊ पहना था, लेकिन इस बार भव्य राम मंदिर बनने से पूरा देश खुश हुआ, लेकिन इन्होने प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा दिया।
धर्म के आधार पर बंटवारा चाहती है कांग्रेस
प्रधानमंत्री ने रैली में कहा कि 75 साल पहले जब देश के बुद्धिजीवी संविधान बना रहे थे तो संविधान निर्माताओं ने कहा था कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा, लेकिन अब सपा, कांग्रेस, ये सारी पार्टियां चाहती हैं. एससी-एसटी-ओबीसी आरक्षण को धर्म के आधार पर बांटो. उन्होंने रातों-रात कर्नाटक की सभी मुस्लिम जातियों को ओबीसी घोषित कर दिया। उन्होंने फतवा जारी किया कि कर्नाटक में सभी मुसलमान ओबीसी हैं।
सपा-कांग्रेस की बातें और वादे भी झूठे हैं
उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस की बातें झूठी हैं, वादे भी झूठे हैं। सपा-कांग्रेस के नारे और इरादे झूठे हैं। ये लोग लगातार झूठ बोलते रहेंगे, चाहे इससे देश या समाज को कितना भी नुकसान क्यों न हो. कोरोना संकट के दौरान भी इन लोगों ने देश को नहीं छोड़ा. मोदी तब एक-एक कर लोगों की जान बचाने में लगे थे, देश के वैज्ञानिकों ने वैक्सीन बना ली, लेकिन सपा और कांग्रेस के लोगों ने उसे भी बदनाम करते रहें।

