Greater Noida: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से अगवा किए गए कारोबारी के बेटे का शव मिल गया है. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से कारोबारी के बेटे का शव बरामद हुआ है. आशंका है कि अपहरण के बाद अपराधियों ने 15 वर्षीय कुणाल की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया. इस मामले के खुलासे के बाद से हड़कंप मच गया है. कुणाल के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. कृष्ण कुमार ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र के रबूपुरा इलाके में अपना रेस्टोरेंट चलाते हैं.
रेस्टोरेंट के बाहर से अपहरण
बताया जा रहा है कि 1 मई को कृष्ण कुमार के 15 साल के बेटे कुणाल का रेस्टोरेंट के बाहर से अपहरण कर लिया गया था. इसका एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था. इसमें दिख रहा था कि कुणाल के साथ एक महिला चल रही थी और फिर वे एक चार पहिया वाहन में बैठे थे.
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुणाल को ढूंढने के लिए पुलिस की 10 टीमें बनाई गईं। लेकिन दुर्भाग्य से कुणाल जीवित नहीं मिल सका. कुणाल के अपहरण की सूचना परिजनों ने बीटा 2 पुलिस को दी. पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी थी. बताया जाता है कि कुणाल को जिस कार में ले जाया गया उस पर मोटरसाइकिल का नंबर प्लेट लगा हुआ था.
पुलिस ने आरोपियों को जल्द पकड़ने की कही बात
कुणाल के अपहरण के बाद उसके परिजनों ने कुछ लोगों पर शक जताया था. पुलिस ने इन लोगों से भी पूछताछ की. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गौतमबुद्ध नगर के संयुक्त पुलिस आयुक्त शिवहरि मीना ने कहा है कि इस मामले की जांच चल रही है और जल्द ही सभी आरोपी पकड़े जाएंगे. कुणाल का शव बुलंदशहर के एक नाले से बरामद होने के बाद अब पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) जोड़ दी है.

