Loksabha Election 2024: नेहरू-गांधी परिवार ने अमेठी सीट छोड़ने और राहुल गांधी को रायबरेली से लोकसभा चुनाव में उतारने का फैसला किया है। प्रियंका गांधी इस बार खुद चुनाव न लड़कर पार्टी के लिए प्रचार करेंगी. कांग्रेस ने अमेठी से के.एल. शर्मा जो कि सोनिया गांधी का प्रतिनिधि रहे हैं उनको स्मृति ईरानी के खिलाफ उम्मीदवार बनाया है.
बता दें कि राहुल गांधी शुरू में वायनाड के अलावा किसी अन्य सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं थे, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्हें उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने के लिए मना लिया। पार्टी नेताओं के प्रयासों के बावजूद, प्रियंका गांधी चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं रहीं। स्मृति ईरानी कई दिनों से राहुल गांधी पर अमेठी से भागने का आरोप लगा रही थीं. शुक्रवार को दोनों सीटों पर नामांकन का आखिरी दिन है और कांग्रेस ने गांधी परिवार की मौजूदगी में नामांकन और रोड शो की तैयारी पूरी कर ली है.
राहुल गांधी VS दिनेश प्रताप सिंह
रायबरेली में राहुल गांधी का मुकाबला बीजेपी के दिनेश प्रताप सिंह से होगा, जो 2019 में सोनिया गांधी से हार गए थे. लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बीजेपी ने भी गुरुवार दोपहर योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की. पिछले चुनाव में दिनेश प्रताप सिंह को सोनिया गांधी के खिलाफ मिले वोट सोनिया के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले सभी उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा थे। पिछली बार की तरह इस बार भी राहुल दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं. वह केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उन्होंने 2019 में जीत हासिल की थी और इस बार फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। वायनाड में दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल को वोटिंग हो चुकी है.
कौन है के.एल. शर्मा
के.एल. शर्मा रायबरेली में सोनिया गांधी का प्रतिनिधि रहे है जो कि अब वह अमेठी में राहुल की जगह मैदान में उतरे हैं। के.एल. शर्मा ने राजीव गांधी और कैप्टन सतीश शर्मा के साथ अमेठी में काम किया है। वह कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव भी रह चुके हैं। अमेठी सीट पर केएल शर्मा को उतारकर गांधी परिवार ने चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी अपने भरोसेमंद व्यक्ति को सौंपी है।

