Delhi News: दिल्ली के द्वारका सेक्टर-23 स्थित अक्षरधाम अपार्टमेंट में अपने दोस्त से मिलने आई एक महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मृतक की पहचान नेहा के रूप में हुई है. पुलिस नेहा के दोस्त नवीन से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उनका कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा।
एक साल पहले हुई दोस्ती
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आईजीआई एयरपोर्ट पर बीडीएफएस कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर काम करने वाली नेहा अपने परिवार के साथ शालीमार बाग में रहती थी। वह शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे थे। शुरुआती जांच में पता चला कि नेहा की करीब एक साल पहले कस्टम विभाग में काम करने वाले नवीन से दोस्ती हुई थी. दोस्ती होने के बाद वे अक्सर मिलने लगे.
दोस्त भी था शादीशुदा
नवीन अपने परिवार के साथ बहादुरगढ़ में रहता है। उन्होंने कुछ समय पहले अक्षरधाम अपार्टमेंट में एक फ्लैट किराए पर लिया था। इसी फ्लैट में वे अक्सर मिला करते थे. सूत्रों के मुताबिक, नेहा गुरुवार को अक्षरधाम अपार्टमेंट में नवीन से मिलने पहुंची थीं। कथित तौर पर बातचीत के दौरान नेहा की अचानक तबीयत खराब हो गई.
सूत्रों का कहना है कि नेहा नशे की हालत में थी और बेचैनी महसूस कर रही थी. इस बीच नवीन ने अपने दो डॉक्टर दोस्तों को बुलाया, लेकिन नेहा की हालत में सुधार नहीं हुआ। बाद में उसे मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

