Delhi News: दिल्ली के इंडिया गेट आउटर सर्कल के पास एक आइसक्रीम विक्रेता की चाकू मारकर हत्या करने के संदिग्ध आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस संदिग्ध से पूछताछ कर रही है. घटना की जानकारी पुलिस को बुधवार शाम 8:30 बजे मिली. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान दिल्ली के हुमायूं नगर निवासी प्रभाकर (25) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला कि प्रभाकर आइसक्रीम बेच रहे थे तभी एक व्यक्ति उनके पास आया और आइसक्रीम के भुगतान को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद उस व्यक्ति ने आइसक्रीम विक्रेता पर चाकू से वार कर दिया और मौके से भाग गया।
सीसीटीवी फुटेज से हत्या से जुड़े सबूत मिले
पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी. संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों की जांच किए गए। घटना के बाद मामले की जांच के लिए पुलिस की 12 टीमें लगाई गईं. आसपास के सीसीटीवी कैमरों से हत्या से जुड़े सुराग मिले.
यह भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024: चुनाव आयोग ने पीएम नरेंद्र मोदी को दिया क्लीन चिट, जानें किस मामले में मिली राहत
घटना के बारे में बताते हुए पुलिस ने कहा, “शुरुआती जांच से पता चलता है कि भुगतान के विवाद के कारण मृतक पर चाकू से हमला किया गया था। झगड़ा आइसक्रीम के पैसे को लेकर हुआ था। पीड़ित के शरीर पर तीन घाव थे, जिनमें से एक गंभीर था, जिसके परिणामस्वरूप उसकी मृत्यु हो गई, हमने पीड़ित के बैग से कुछ पैसे और एक घड़ी बरामद की है।”

