नई दिल्ली। जेल में पत्नी से नहीं मिलने दिए जाने वाली बयान पर दिल्ली भाजपा ने शनिवार को आप सांसद संजय सिंह कड़ी आलोचना की। ज्ञात हो कि दिल्ली शराब मामले में जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनकी पत्नी से व्यक्तिगत रूप से मिलने की अनुमति नहीं मिलने को लेकर आप सांसद संजय सिंह ने जेल प्रशासन पर अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया था ।
मुख्यमंत्री पर तंज कसा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने नवंबर में वायरल हुए तिहाड़ जेल के अंदर जैन के वीआईपी ट्रीटमेंट प्राप्त करने वाले कथित वीडियो का जिक्र करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री पर तंज कसा और कहा कि ऐसा लगता है कि अरविंद केजरीवाल जेल में उस तरीके के विशेषाधिकार और सुविधाएं चाहते हैं, जैसा कि उनके मंत्री सत्येंद्र जैन 2022 में लेते हुए पकड़े गए थे।
आप सांसद संजय सिंह ने तिहाड़ प्रशासन पर लगाया था आरोप
गौरतलब है कि इससे पहले आप के राज्यसभा सांसद सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को लेकर दावा किया था कि सीएम की पत्नी सुनीता केजरीवाल को जेल अधिकारियों ने कहा था कि वह मुख्यमंत्री से केवल खिड़की के जरिए ही मिल सकती हैं। तिहाड़ प्रशासन पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह केजरीवाल को अपमानित करने के लिए किया गया था। आप सांसद संजय सिंह ने अधिकारियों पर “अमानवीय” व्यवहार का आरोप लगाते हुआ कहा कि जैसा दिल्ली के मुख्यमंत्री के किया जा रहा है वो यहां तक कि खूंखार अपराधियों के साथ नहीं किया जाता। उन्हें भी बैरक में मिलने की अनुमति होती है।
आमने-सामने की मुलाकात केवल कैदियों और पंजीकृत वकीलों के बीच होती है: बीजेपी
सांसद संजय सिंह के आरोपों का जवाब देते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आप सरकार द्वारा 2018 में बनाए गए दिल्ली जेल मैनुअल में लिखा है कि आमने-सामने की मुलाकात केवल कैदियों और पंजीकृत वकीलों के बीच होगी और उस कानून के तहत मुख्यमंत्री केजरीवाल भी इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। संजय सिंह गलत सूचना फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने खुद लंबा समय जेल में बिताया है। क्या वह बता सकते हैं कि कितने मुलाकातियों से उनकी मुलाकात रोजाना आमने-सामने होती थी या शीशे की दीवार के जरिए?
तिहाड़ जेल की जेल नंबर 2 में बंद है मुख्यमंत्री
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जेल में कैदियों को सरकार द्वारा बनाए गए मैनुअल के हिसाब से रखा जाता है। जिसमें सिर्फ कोर्ट ही कैदियों को कोई रियायत दे सकता है और अरविंद केजरीवाल को कोर्ट की ओर से पहले ही घर का खाना समेत कई सुविधाएं दी गई हैं। केजरीवाल तिहाड़ जेल की जेल नंबर 2 में बंद हैं।

